
सुशासन तिहार, आवास, पेयजल, स्वास्थ्य और कृषि योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा
जशपुर जिले में संचालित विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव अंकित आनंद ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।
सुशासन तिहार के आवेदनों के शीघ्र निराकरण पर जोर
बैठक में प्रभारी सचिव ने सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का जल्द निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
आवास और जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लंबित आवास निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों में तेजी लाने को कहा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
स्वास्थ्य संस्थानों की प्रगति की समीक्षा
प्रभारी सचिव ने जिले में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, 220 बिस्तरीय अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज सहित अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों की प्रगति की जानकारी ली और कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
किसानों की आय बढ़ाने पर दिया जोर
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए दलहन, तिलहन, उद्यानिकी, मत्स्यपालन और डेयरी गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र किसानों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
घर पहुंच पेंशन सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश
समाज कल्याण विभाग को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और असहाय हितग्राहियों तक घर पहुंच पेंशन सुविधा सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सुशासन तिहार में मिले 15 हजार से अधिक आवेदन
बैठक में कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि जिले में आयोजित 35 शिविरों के माध्यम से कुल 15,846 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 11,205 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत 1.12 लाख से अधिक आवासों में से 93,506 आवास पूर्ण हो चुके हैं।

















