लखनऊ में इंजीनियर की हत्या, सहमति संबंध में रह रही महिला गिरफ्तार

0
53

लखनऊ । यूपी की राजधानी लखनऊ के सलारगंज शिवम ग्रीन सिटी इलाके में एक इंजीनियर की हत्या का मामला सामने आया है। सहमति संबंध में रह रही एक महिला ने रविवार की रात इंजीनियर का गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद महिला अपनी दोनों नाबालिग बेटियों के साथ कई घंटों तक शव के पास ही बैठी रही। सोमवार सुबह उसने खुद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

चार साल से साथ रह रहे थे दोनों

जानकीपुरम सेक्टर-एच निवासी नरेंद्र सिंह के बेटे सूर्य प्रताप सिंह (32) एवरेडी कंपनी में एक्जीक्यूटिव इंजीनियर थे। पुलिस के अनुसार सूर्य प्रताप पिछले चार साल से रत्ना (46) नाम की महिला के साथ सलारगंज शिवम ग्रीन सिटी स्थित अपने दूसरे मकान में रह रहे थे। रत्ना मूल रूप से हरदोई की निवासी है और उसकी 17 और 15 वर्ष की दो बेटियां हैं।

रविवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। पुलिस के मुताबिक भोर करीब पांच बजे रत्ना ने घर में रखे चाकू से सूर्य प्रताप का गला काट दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के समय रत्ना की दोनों बेटियां भी घर में मौजूद थीं।

पांच घंटे तक घर में पड़ा रहा शव

हत्या के बाद रत्ना और उसकी बेटियां करीब पांच घंटे तक घर में ही रहीं। न किसी को सूचना दी और न ही भागने की कोशिश की। सुबह लगभग 9:45 बजे रत्ना ने पुलिस को फोन कर कहा कि उसने सूर्य प्रताप की हत्या कर दी है। सूचना पर पहुंची बीबीडी थाने की पुलिस ने रत्ना को हिरासत में ले लिया। बेटियों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।

परिजनों का आरोप

सूर्य प्रताप के पिता नरेंद्र सिंह ने रत्ना और उसकी बेटियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। उनका कहना है कि बेटे की हत्या मकान हड़पने की नीयत से की गई। घटना की खबर मिलने के बाद देवरिया जिले के परसियां भीखम गांव में सूर्य प्रताप के पैतृक घर पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजन सदमे में हैं और गांव में माहौल गमगीन है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच जारी है।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here