FIU की बड़ी कार्रवाई, 15 विदेशी क्रिप्टो प्लेटफॉर्म्स को नोटिस; भारत में ऐप और वेबसाइट लिंक ब्लॉक करने के निर्देश

0
113
Nby

नई दिल्ली । वित्त मंत्रालय की वित्तीय खुफिया इकाई FIU-IND ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े नियमों के उल्लंघन के मामले में 15 विदेशी क्रिप्टो प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ कार्रवाई की है। एजेंसी ने इन प्लेटफॉर्म्स को PMLA की धारा 13 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही भारत में इनके मोबाइल ऐप्स और वेबसाइट URLs को ब्लॉक करने के निर्देश दिए गए हैं।

कार्रवाई की जद में आने वाले क्रिप्टो प्लेटफॉर्म्स में Weex, Blofin, Rezorex, Bitunix, DigiFinex, Toobit, XT.com, Latoken, WOO X, Pionex, ChangeNow, SimpleSwap, FixedFloat, WhiteBIT और Guardarian शामिल हैं।

FIU-IND के मुताबिक, मार्च 2023 में लागू किए गए नियमों के तहत भारतीय यूजर्स को वर्चुअल डिजिटल एसेट्स (VDA) से जुड़ी सेवाएं देने वाले प्लेटफॉर्म्स के लिए FIU-IND के साथ रिपोर्टिंग एंटिटी के तौर पर पंजीकरण कराना जरूरी है। इसके साथ ही उन्हें KYC नियमों का पालन करने और संदिग्ध लेनदेन की जानकारी संबंधित एजेंसी को देने की बाध्यता है।

एजेंसी ने क्रिप्टो निवेशकों को भी सतर्क किया है। FIU-IND ने कहा है कि क्रिप्टो से जुड़े उत्पाद उच्च जोखिम वाले और अनियंत्रित हो सकते हैं। ऐसे प्लेटफॉर्म्स पर निवेश से नुकसान होने की स्थिति में निवेशकों को नियामकीय सुरक्षा या राहत मिलना सुनिश्चित नहीं है।

FIU की इस कार्रवाई को भारत में बिना आवश्यक अनुपालन के संचालित विदेशी क्रिप्टो प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी और कार्रवाई की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here