
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। स्मृति नगर थाना क्षेत्र स्थित STF कॉलोनी में एक आरक्षक के घर पर हुए हमले में उसकी पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि एक बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज ने घर में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। हमले में आरक्षक की पत्नी और बेटे को 10 से 12 वार किए गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय घर में मौजूद एक बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरी बेटी ने बाथरूम में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
प्रारंभिक जांच में इस वारदात के पीछे व्यक्तिगत रंजिश और कथित अवैध संबंधों की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला एक दिन पहले भी घर पहुंची थी, जिसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। इसी विवाद के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।



















