
सूरजपुर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत आदित्य होटल, सूरजपुर में ऋण वितरण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया। यह कार्यक्रम 1 से 24 जुलाई तक देशभर में चलाए गए PM विश्वकर्मा अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष गायकवाड़ मुख्य अतिथि रहे। इस दौरान सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल प्रमुख राकेश भूतड़ा, क्षेत्रीय प्रमुख राजेश कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक संदीप कुमार सहित बैंक के अधिकारी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रबंधक मौजूद रहे।
शिविर में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति और वितरण किया गया। अभियान के दौरान 251 हितग्राहियों को योजना का लाभ मिला।
बैंक अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।


















