पुलिस अधिग्रहित स्कॉर्पियो में शराबखोरी: नशे में टुन्न मिला ड्राइवर…

0
57

रायपुर । राजधानी में पुलिस की अधिग्रहित स्कॉर्पियो में शराबखोरी का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक ड्राइवर समेत दो-तीन युवक नशे की हालत में गाड़ी के अंदर सोते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार देर रात की है। हालांकि विजन न्यूज़ सर्विस इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

वीडियो में रायपुर पासिंग नंबर की स्कॉर्पियो दिखाई दे रही है, जिस पर पुलिस की तख्ती और ऊपर लाल-नीली बत्ती लगी हुई है। गाड़ी की ड्राइवर सीट पर बैठा युवक शराब के नशे में बेसुध नजर आता है, जबकि अगली और पिछली सीट पर भी युवक सोते हुए दिख रहे हैं। गाड़ी के दरवाजे के पास शराब की बोतल और नमकीन रखे होने की बात भी वीडियो में सामने आई है।

स्थानीय कांग्रेस नेता ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया, जिसे बाद में कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से भी साझा किया गया। वीडियो बनाने वाले नेता ने जब नशे में धुत ड्राइवर से सवाल किया तो उसने शराब पीने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि नशा चढ़ जाने के कारण वह वहीं सो गया।

नेता ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया है कि घटना रात करीब 2 बजे की है और नशे में धुत ड्राइवर व उसके साथी रास्ते में 2-4 लोगों को टक्कर मारने से बाल-बाल बचे। बताया गया कि आरोपियों को यह तक होश नहीं था कि वे किस जगह खड़े हैं।

मामले के सामने आने के बाद पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here