
हर प्रश्न पर आपत्ति के लिए 200 रुपये शुल्क, दस्तावेज के साथ दर्ज करनी होगी चुनौती
रायपुर | राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने जून 2026 में आयोजित UGC-NET परीक्षा के 84 विषयों की प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब उत्तर कुंजी की जांच कर अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।
18 अगस्त तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
उम्मीदवार 18 अगस्त 2026 तक UGC-NET के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। प्रत्येक उत्तर पर आपत्ति के लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। आपत्ति के समर्थन में संबंधित दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे।
NTA ने स्पष्ट किया है कि किसी अन्य माध्यम से भेजी गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। आपत्ति शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख भी 18 अगस्त ही निर्धारित है।
तीन विषयों के लिए अलग सूचना होगी जारी
NTA के अनुसार अंग्रेजी, वाणिज्य और समाजशास्त्र विषयों के प्रश्नपत्रों में संभावित त्रुटियों को लेकर प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए समिति गठित की गई थी। समिति की सिफारिशों के आधार पर इन तीनों विषयों के संबंध में अलग से सार्वजनिक सूचना जारी की जाएगी।
NTA ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट और सत्यापित सोशल मीडिया हैंडल पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

















