
राजनांदगांव जिला अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा नगर सेना राजनांदगांव की प्रशिक्षित टीम ने विभिन्न आगजनी और आपातकालीन घटनाओं में त्वरित कार्रवाई करते हुए जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की। टीम ने आधुनिक अग्निशमन उपकरणों की मदद से कई स्थानों पर आग पर समय रहते काबू पाया और उसे आसपास फैलने से रोका।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी ए.के. सिंह ने बताया कि ग्राम मोहंदी स्थित जया केमिकल व जालबांधा केमिकल प्लांट, कोरिनभाठा स्थित अंशदीप इलेक्ट्रॉनिक एवं फर्नीचर शोरूम, दादा बस सर्विस की पांच बसों, ग्राम बांकल में मालगाड़ी की कोयला बोगी, ग्राम बुद्धफरदा स्थित रामदेव रिफाइनरी प्लांट और पार्रीकला स्थित अग्रवाल राइस मिल में आगजनी की सूचना पर टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्रशिक्षित जवानों ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए आग पर नियंत्रण पाया।
क्लोरीन गैस रिसाव पर भी किया सफल रेस्क्यू
मोहारा स्थित वाटर फिल्टर प्लांट में क्लोरीन गैस रिसाव की गंभीर घटना के दौरान भी अग्निशमन टीम ने तत्परता दिखाई। गैस करीब 100 से 200 मीटर के क्षेत्र में फैलने लगी थी, जिससे कर्मचारियों और आसपास के क्षेत्र में खतरा पैदा हो गया था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर स्टेशन प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने सुरक्षा उपायों और तकनीकी दक्षता के साथ गैस रिसाव वाले क्षेत्र में प्रवेश किया। टीम ने रिसाव के स्रोत की पहचान कर तकनीकी उपायों के जरिए गैस रिसाव को सफलतापूर्वक नियंत्रित किया और पूरी तरह बंद कर दिया।
आग बुझाने के साथ आपदा प्रबंधन में भी सक्रिय
अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग आगजनी के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं, प्राकृतिक आपदाओं, भवनों में फंसे लोगों के रेस्क्यू और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में भी राहत एवं बचाव कार्य करता है।
विभाग द्वारा समय-समय पर विद्यालयों, शासकीय कार्यालयों, औद्योगिक संस्थानों, मेडिकल कॉलेज और पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए मॉक ड्रिल एवं अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इनके माध्यम से लोगों को आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं के दौरान सुरक्षा एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी जाती है।


















