
बिलासपुर में अरपा नदी में नहाने गए दो बच्चों के बह जाने की खबर से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद मोहल्ले के लोगों और परिचितों ने भी नदी में बच्चों की तलाश शुरू कर दी। बाद में SDRF की टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
नहाते समय गहरे हिस्से में पहुंचे बच्चे
जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर मधुबन अटल आवास निवासी 12 वर्षीय आयान अंसारी और 16 वर्षीय इमरेश मोहल्ले के पास स्थित अरपा नदी में नहाने गए थे।
नहाने के दौरान दोनों नदी के ऐसे हिस्से में चले गए, जहां पानी काफी गहरा था और गड्ढा भी था। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पानी के तेज बहाव में बहने लगे।
पुलिस के बाद SDRF ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद भी जब बच्चों का पता नहीं चला तो SDRF टीम को मौके पर बुलाया गया।
SDRF के जवान नदी में सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों बच्चों की तलाश कर रहे हैं। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी हुई है।

















