आगरा में सनसनी: पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाने का आरोप, खुदाई में मिला कंकाल

0
6

आगरा आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफनाने का आरोप लगा है। आरोप है कि शव छिपाने के लिए बाथरूम की फर्श पर प्लास्टर भी करवा दिया गया, ताकि किसी को शक न हो।

मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से भरतपुर के रहने वाले थे। वह अपनी पत्नी रूबी, मां और दो बेटियों के साथ आगरा में रह रहे थे। परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र को शराब पीने की लत थी, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

बताया जा रहा है कि 26 मई को रूबी ने अपने देवर के साथ मिलकर सुरेंद्र की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। मामले ने तब नया मोड़ लिया जब शुक्रवार को महिला ने कथित तौर पर अपने देवर को फोन कर बताया कि सुरेंद्र का शव घर के बाथरूम में दफन है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम की फर्श तुड़वाकर खुदाई कराई। खुदाई के दौरान वहां से मानव कंकाल बरामद हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल महिला से पूछताछ जारी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here