
रायपुर रायपुर पुलिस ने उरला क्षेत्र में चोरी हुए एक ट्रक के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया ट्रक भी बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मनीराम यादव, जो एसकेएस इस्पात प्राइवेट लिमिटेड में इलेक्ट्रिकल इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं, ने थाना उरला में ट्रक चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सीजी 07 सीए 5157 क्रमांक का हाईवा ट्रक 20 जून की शाम जेए फ्यूल्स, उरला के पास खड़ा किया गया था, लेकिन अगले दिन सुबह वाहन वहां से गायब मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के निर्देशन में जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और मुखबिरों को सक्रिय किया।
जांच के दौरान मिली अहम जानकारी के आधार पर पुलिस ने खिलावन पात्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने ट्रक चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत का चोरी किया गया ट्रक बरामद कर लिया है। आरोपी खिलावन पात्रे (29) उरला क्षेत्र के अटल निवास कॉलोनी, पठरीडीह का निवासी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

















