
नई दिल्ली दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर लगे राहुल गांधी को ‘रियल लाइफ बैटमैन’ के रूप में पेश करने वाले पोस्टर इन दिनों चर्चा का विषय बने हुए हैं। पोस्टर में उन्हें ‘द साइलेंट गार्जियन, ए वॉचफुल प्रोटेक्टर’ बताया गया है।
कैसे शुरू हुआ ‘बैटमैन’ कनेक्शन?
राहुल गांधी ने हाल ही में युवाओं और खासकर जेन-जी से संवाद के लिए इंस्टाग्राम पर ‘Ask Me Anything’ सेशन किया था। इस दौरान एक यूजर ने उनसे पूछा कि “क्या आप बैटमैन हैं?”
राहुल गांधी ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, “बस इतना कह सकते हैं कि किसी ने कभी मुझे और बैटमैन को एक ही कमरे में नहीं देखा है।”
सोशल मीडिया पर वायरल हुई सुपरहीरो वाली छवि
इस जवाब के बाद सोशल मीडिया पर राहुल गांधी की तुलना काल्पनिक सुपरहीरो बैटमैन से करने वाले मीम और पोस्ट तेजी से वायरल होने लगे। कांग्रेस की ओर से भी उनके इस संवाद से जुड़े कुछ वीडियो क्लिप साझा किए गए।
बारिश में राहुल गांधी के एक वीडियो के बैकग्राउंड में ‘द डार्क नाइट’ फिल्म की थीम का इस्तेमाल होने के बाद यह तुलना और चर्चा में आ गई।
अब कांग्रेस मुख्यालय के बाहर लगे ‘रियल लाइफ बैटमैन’ पोस्टरों ने इस पूरे मामले को एक बार फिर राजनीतिक और सोशल मीडिया चर्चा के केंद्र में ला दिया है।


















