
कोंडागांव जिले में NH-30 पर घोड़ागांव के पास वन मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ सड़क हादसा हो गया। हादसे में काफिले के फॉलो वाहन में सवार 4 पुलिसकर्मी और ड्राइवर घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सामने से आई कार ने मारी टक्कर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंत्री केदार कश्यप का काफिला NH-30 से गुजर रहा था, तभी सामने से आ रही एक कार ने मंत्री के वाहन को टक्कर मार दी। इसके बाद कार काफिले के फॉलो वाहन से भी जा टकराई।
हादसे में फॉलो वाहन में मौजूद पुलिसकर्मी और ड्राइवर घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मंत्री ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
हादसे की जानकारी मिलने के बाद वन मंत्री केदार कश्यप जिला अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार और स्वास्थ्य की जानकारी ली।
विधायक लता उसेंडी और नीलकंठ टेकाम ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली।
हादसे की जांच जारी
पुलिस और प्रशासन ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सामने से आ रही कार के चालक की क्या भूमिका रही, इसकी जांच की जा रही है।
फिलहाल सभी घायलों का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।



















