
कोरबा जिले में नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 के तहत रिक्त पदों के लिए मतदान सोमवार को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया और सभी मतदान केंद्रों पर सुबह से ही अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष और सुचारू रूप से आयोजित की गई। निर्वाचन में नगरीय क्षेत्र के एक पार्षद पद तथा ग्रामीण क्षेत्रों में एक सरपंच, छह पंच और तीन जनपद सदस्य पदों सहित कुल 11 रिक्त पदों के लिए मतदान कराया गया।
इन क्षेत्रों में हुआ मतदान
नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 15 में पार्षद पद के लिए मतदान हुआ। वहीं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के तहत करतला, पाली और पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंडों में जनपद सदस्य पदों के लिए मतदान कराया गया।
इसके अलावा करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में सरपंच पद तथा विभिन्न ग्राम पंचायतों के छह पंच पदों के लिए भी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
महिलाओं की भागीदारी रही अधिक
निर्वाचन कार्यालय के अनुसार त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन में जिले में कुल 78.98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसमें पुरुष मतदान 78.21 प्रतिशत और महिला मतदान 79.77 प्रतिशत रहा। महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों की तुलना में अधिक रही।
शांतिपूर्ण रही पूरी प्रक्रिया
सभी मतदान केंद्रों पर निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों ने निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया का सफल संचालन सुनिश्चित किया। जिला प्रशासन ने निर्वाचन कार्य में सहयोग करने वाले सभी मतदाताओं, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।



















