कोरबा में डिजिटल जनगणना का पहला चरण शत-प्रतिशत पूरा, डेटा संग्रहण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न

0
162

कोरबा कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी कुणाल दुदावत के निर्देशन में कोरबा जिले में डिजिटल जनगणना का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। जिले के सभी नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर आंकड़ों का संग्रहण किया गया, जिससे हाउस लिस्टिंग एवं आवास गणना का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण हो गया।

पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना

भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना के तहत प्रगणकों ने “एचएलओ ऐप” के माध्यम से भवनों और परिवारों से जुड़ी जानकारी सीधे ऑनलाइन दर्ज की। इसमें मकान की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं, निर्माण सामग्री, इंटरनेट, मोबाइल, टीवी और वाहनों सहित 33 प्रमुख बिंदुओं की जानकारी संकलित की गई।

डिजिटल प्रणाली के कारण डेटा रियल-टाइम में सुपरवाइजरों तक पहुंचा, जहां सत्यापन के बाद उसे मुख्य सर्वर पर अपलोड किया गया। इससे आंकड़ों के विश्लेषण और सरकारी योजनाओं के लिए डेटा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज होगी।

नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में पूरा हुआ कार्य

जिले के छह नगरीय निकायों, नगर निगम कोरबा के सात जोनों, तीन नगर पालिकाओं, दो नगर पंचायतों और सभी 12 तहसीलों में जनगणना कार्य पूरा किया गया। प्रगणकों ने प्रत्येक हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) का सर्वे कर निर्धारित समय सीमा में डेटा संग्रहण पूरा किया।

नगर निगम कोरबा राज्य में रहा अव्वल

नगर निगम आयुक्त एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी आशुतोष पाण्डेय की निगरानी में नगर निगम कोरबा ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य सबसे पहले पूरा कर राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया।

2,591 जनगणना कर्मियों का योगदान

इस अभियान में रिजर्व सहित 2,215 प्रगणक और 376 सुपरवाइजर, कुल 2,591 जनगणना कर्मियों ने भाग लिया। भीषण गर्मी और भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद टीमों ने जिले के हर गांव, वार्ड और मोहल्ले तक पहुंचकर सर्वेक्षण पूरा किया।

10,669 परिवारों ने की स्व-गणना

अभियान के दौरान जिले के 10,669 परिवारों ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर “स्व-गणना” में भागीदारी निभाई। प्रशासन ने इसे जनजागरूकता और नागरिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

कलेक्टर ने जताया आभार

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी प्रगणकों, सुपरवाइजरों, चार्ज अधिकारियों, प्रशासनिक अमले, जनप्रतिनिधियों, मीडिया और आम नागरिकों को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने के लिए बधाई और धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जिले की टीम ने समय-सीमा के भीतर उत्कृष्ट कार्य कर एक मिसाल पेश की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here