नारायणपुर के होनहारों को मिलेगी सफलता की नई उड़ान, निःशुल्क PSC-व्यापम आवासीय कोचिंग सेंटर शुरू

0
129

रायपुरबस्तर के दूरस्थ इलाकों में छिपी प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने की दिशा में नारायणपुर जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिले में DMFT निधि से संचालित निःशुल्क PSC एवं व्यापम आवासीय कोचिंग सेंटर की शुरुआत की गई है। प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने सेंटर का विधिवत शुभारंभ किया।

50 प्रतिभावान युवाओं का हुआ चयन

इस कोचिंग सेंटर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और संसाधनों के अभाव में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से वंचित रह जाने वाले मेधावी युवाओं को बेहतर माहौल और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

पहले बैच के लिए पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से 50 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें 26 बालिकाएं और 24 बालक शामिल हैं।

आवास, भोजन और स्टडी किट की सुविधा

शुभारंभ कार्यक्रम में मंत्रियों और अतिथियों ने चयनित विद्यार्थियों को बैग, कॉपियां, मानक पुस्तकें, पेन और अन्य आवश्यक अध्ययन सामग्री प्रदान की। चयनित अभ्यर्थियों को निःशुल्क आवास और भोजन की सुविधा भी दी जाएगी।

इसके साथ ही विषय विशेषज्ञ नियमित कक्षाओं के जरिए विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ PSC और व्यापम जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराएंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को परीक्षा के पैटर्न, विषयों और तैयारी की रणनीति से बेहतर तरीके से परिचित कराना है।

आदिवासी विकास विभाग करेगा संचालन

योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त को दी गई है। विभाग सेंटर की व्यवस्थाओं के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता पर भी निगरानी रखेगा।

शुभारंभ अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष, छोटेडोंगर सरपंच, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here