चूहा मार दवा खाने से नवविवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

0
71

सरगुजा मैनपाट थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान वर्षा यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वर्षा ने चूहा मारने की दवा खा ली थी। गंभीर हालत में उसे अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मई में हुई थी शादी

जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर के वार्ड नंबर 13, प्रगतिनगर निवासी वर्षा यादव की शादी 1 मई 2026 को मैनपाट के लुरैना निवासी अजय यादव से हुई थी।

परिजनों के अनुसार, 18 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे वर्षा ने अपने पिता उमेश यादव को वॉट्सऐप पर मैसेज भेजकर कहा था कि वह जीना नहीं चाहती। इसके कुछ समय बाद पति अजय ने फोन कर उसकी तबीयत खराब होने की जानकारी दी। इसके बाद उसे अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आईसीयू में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मायके पक्ष ने लगाए मारपीट और प्रताड़ना के आरोप

मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर वर्षा को प्रताड़ित करने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पिता उमेश यादव के मुताबिक, 15 सितंबर को भी उनकी बेटी ने फोन पर मारपीट की बात बताई थी। वहीं 19 सितंबर को भी उसने ससुराल में ठीक व्यवहार नहीं होने की बात कही थी।

परिजनों का यह भी आरोप है कि वर्षा आगे एमएससी की पढ़ाई करना चाहती थी। उन्होंने पैसों के लेन-देन को भी कथित प्रताड़ना की वजह बताया है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और नायब तहसीलदार लखेश्वर सिदार मौके पर पहुंचे और परिजनों के बयान दर्ज किए। नायब तहसीलदार के अनुसार, मायके पक्ष ने मारपीट और पैसों के लेन-देन से जुड़े आरोप लगाए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here