
भिलाई सेक्टर-10 स्थित गणेश पंडाल में वाहनों से अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूले जाने की शिकायत पर नगर पालिक निगम भिलाई की टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान एक गणेशोत्सव समिति द्वारा दुपहिया और चौपहिया वाहनों से पार्किंग के नाम पर 10, 20 और 30 रुपये लिए जाने की बात सामने आई।
5 कट्टा रसीद जब्त
नगर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह के आदेश और जोन आयुक्त येशा लहरे के निर्देश पर निगम की टीम ने शाम के समय गणेश पंडाल का निरीक्षण किया। इस दौरान शिवमानस गणेशोत्सव समिति के यहां पार्किंग शुल्क वसूली नहीं पाई गई।
वहीं सिद्धि विनायक गणेशोत्सव समिति द्वारा ‘स्वास्तिक सायकल स्टैंड’ के नाम से वाहनों से पार्किंग शुल्क लिया जा रहा था। निगम की टीम ने मौके से शुल्क वसूली में इस्तेमाल की जा रही 5 कट्टा रसीदें जब्त कर लीं।
दोबारा वसूली पर कार्रवाई की चेतावनी
निगम अधिकारियों ने समिति के अध्यक्ष और पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पार्किंग शुल्क वसूली बंद करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की अनधिकृत वसूली पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और नागरिकों की सुविधा को देखते हुए आयोजन स्थलों पर निगरानी जारी रखने की बात कही है। निगम ने सभी आयोजन समितियों से निर्धारित नियमों का पालन करने और श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार की अनधिकृत राशि नहीं लेने की अपील की है।
कार्रवाई के दौरान नगर निगम भिलाई जोन क्रमांक-5 के सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम सहित भिलाई नगर पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रही।
















