दिल्ली से ‘रुद्र सेना’ के राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत, पोस्टर का हुआ विमोचन

0
164

दिल्ली से ‘रुद्र सेना’ के राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ, सनातन संस्कृति के संरक्षण का लिया संकल्प

अखिल भारतीय हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज कुमार नाथ और योगी अशोक नाथ ने किया अभियान के पोस्टर का विमोचन

 

नई दिल्ली। सनातन संस्कृति के संरक्षण, मठ-मंदिरों की सुरक्षा तथा हिंदू समाज को संगठित करने के उद्देश्य से शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी अभियान ‘रुद्र सेना’ का औपचारिक शुभारंभ सोमवार को नई दिल्ली में हुआ। इस अवसर पर अखिल भारतीय हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज कुमार नाथ तथा एमएसएमई के नेशनल वाइस चेयरमैन योगी अशोक नाथ ने संयुक्त रूप से अभियान के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन कर देशभर में संगठन विस्तार का आह्वान किया।

पोस्टर विमोचन समारोह में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में सनातन समाज को संगठित, जागरूक और सेवा भावना से प्रेरित युवाओं की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि रुद्र सेना धर्मरक्षा, गौसंरक्षण, मठ-मंदिरों की सुरक्षा, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्रहित के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।

अखिल भारतीय हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज कुमार नाथ ने कहा कि रुद्र सेना केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की रक्षा और समाज को एकजुट करने का राष्ट्रीय अभियान है। आज आवश्यकता है कि प्रत्येक हिंदू अपने धर्म, संस्कृति और मंदिरों के संरक्षण के लिए संगठित होकर आगे आए। आने वाले समय में इस अभियान को देशव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।

एमएसएमई के नेशनल वाइस चेयरमैन योगी अशोक नाथ ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक शक्ति उसके संत, मठ और मंदिर हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रुद्र सेना युवाओं को राष्ट्र, धर्म और सेवा के कार्यों से जोड़ने का प्रभावी मंच बनेगी तथा अधिक से अधिक सनातन प्रेमियों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर रुद्र सेना के प्रदेश अध्यक्ष आलोक पांडेय ने बताया कि संगठन विस्तार के उद्देश्य से उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में मठ-मंदिरों, अखाड़ा परिषद से जुड़े संत-महात्माओं एवं महंतों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद से संगठन को व्यापक समर्थन मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि रुद्र सेना का उद्देश्य किसी के विरोध में कार्य करना नहीं, बल्कि सनातन समाज को सेवा, सुरक्षा और संस्कार के सूत्र में जोड़कर राष्ट्रीय एकता को सशक्त बनाना है। शीघ्र ही विभिन्न राज्यों में प्रदेश, जिला एवं स्थानीय स्तर पर संगठन की इकाइयों का गठन प्रारंभ किया जाएगा तथा व्यापक सदस्यता अभियान भी चलाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लेते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here