दुर्गम गांवों तक बाइक से पहुंचे जनपद सीईओ, विकास कार्यों का लिया जायजा

0
7

निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ जल्द दिलाने पर जोर


सुकमा। जिले के दुर्गम और पहुंचविहीन गांवों में विकास कार्यों की गति तेज करने के लिए जनपद पंचायत कोंटा के सीईओ गौतम गहिर प्रशासनिक टीम के साथ मोटरसाइकिल से ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। कच्चे और पथरीले रास्तों को पार कर वे उन गांवों तक पहुंचे, जहां चारपहिया वाहनों का पहुंचना भी मुश्किल है।

स्कूल, आंगनबाड़ी और आवास निर्माण का लिया जायजा

दौरे के दौरान सीईओ ने ग्राम पंचायत डब्बाकोंटा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकानों, पंचायत भवन, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और बालक आश्रम भवन के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। साथ ही स्कूल और उप स्वास्थ्य केंद्र का भी आकस्मिक निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों से संवाद कर पक्के मकान जल्द पूरा करने की अपील

प्रशासनिक टीम ने पेंटापाड़, बुर्कलंका और बड़ेकेड़वाल के तुमलपाड़ क्षेत्र का भी दौरा किया। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों से मुलाकात कर उन्हें अपने पक्के मकानों का निर्माण जल्द पूरा करने के लिए प्रेरित किया और हरसंभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया।

सुस्ती बरतने वालों पर होगी कार्रवाई

अधिकारियों ने भेज्जी क्षेत्र में भी पंचायत भवन और प्रधानमंत्री आवासों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए मैदानी निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here