देशभर में भीषण गर्मी का कहर, विदर्भ में पारा 47.2 डिग्री पार

0
220

तेलंगाना में लू से 16 लोगों की मौत, कई राज्यों में हीटवेव अलर्ट जारी


नई दिल्ली देश के कई हिस्से इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि मध्य और उत्तर भारत में मई के आखिर तक गर्मी का प्रकोप जारी रह सकता है।

उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान समेत कई राज्यों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है।

विदर्भ में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज
महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के ब्रह्मपुरी में सबसे अधिक 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

तेलंगाना में लू से 16 मौतें
तेलंगाना में हीट स्ट्रोक के कारण 16 लोगों की मौत हो चुकी है। हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।

पंजाब में भी स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है। अस्पतालों में आइस पैक और विशेष कूलिंग यूनिट्स की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट
हिमाचल प्रदेश सहित कुछ पहाड़ी राज्यों में भी 26 और 27 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मानसून जल्द पहुंचने के संकेत
भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की खबर भी दी है। दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस बार सामान्य समय से पहले 26 मई तक केरल पहुंच सकता है। केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here