
रायपुर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने बताया है कि नशा मुक्त भारत अभियान से अब तक देशभर में 23 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं। अभियान के तहत युवाओं, महिलाओं, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संगठनों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
7.81 करोड़ युवा और 5.24 करोड़ महिलाएं हुईं शामिल
मंत्रालय के अनुसार, अभियान से अब तक 7 करोड़ 81 लाख से अधिक युवा, 5 करोड़ 24 लाख महिलाएं और 17 लाख से अधिक शैक्षणिक संस्थान जुड़ चुके हैं। अभियान का उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को नशे की लत से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।
समन्वित प्रयासों से चलाया जा रहा अभियान
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), राज्य एवं जिला प्रशासन, पुलिस, गैर-सरकारी संगठन (NGO) और अस्पताल मिलकर समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से देश को नशामुक्त बनाने की दिशा में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
जनजागरूकता पर विशेष जोर
मंत्रालय के अनुसार, अभियान के माध्यम से देशभर में जनजागरूकता कार्यक्रम, शैक्षणिक संस्थानों में गतिविधियां, परामर्श सेवाएं और नशा मुक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जा सके और नशे के खिलाफ प्रभावी जनआंदोलन खड़ा किया जा सके।



















