रायपुर में अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस-नगर निगम का बड़ा अभियान, 50 से अधिक दुकानदारों पर कार्रवाई

0
20
Nby


रायपुरशहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट और नगर निगम की टीम प्रहरी ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। आगामी गणेश चतुर्थी को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने और सड़क व फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली चौक से मालवीय रोड होते हुए जयस्तंभ चौक तक लगातार दो दिनों तक कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर यातायात बाधित करने वाले 50 से अधिक दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान 4 ठेले, 12 टेबल, 15 कपड़ा स्टैंड, 5 फ्लेक्स बोर्ड और तिरपाल स्टैंड जब्त किए गए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों से 4 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

इसी तरह लोधीपारा चौक से मंडी गेट मार्ग पर भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। गणेश चतुर्थी के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सड़क पर किए गए तीन अवैध अस्थायी अतिक्रमणों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। इसके अलावा 11 दुकानों से अवैध प्रचार सामग्री जब्त की गई।

कार्रवाई के बाद इस मार्ग पर यातायात का दबाव कम हुआ और जाम की समस्या से लोगों को राहत मिली। पुलिस और नगर निगम की टीम ने स्पष्ट किया है कि शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे जारी रहेगा।

यातायात पुलिस की अपील

रायपुर यातायात पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से सड़क, फुटपाथ या डिवाइडर पर सामान और प्रचार सामग्री न रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here