
पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में पुलिस ने छापेमारी कर 10 महिलाओं को रेस्क्यू किया है। मामले में देह व्यापार की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लिया है, जबकि होटल संचालक फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, होटल में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर देर रात की गई कार्रवाई में होटल के एक कमरे से संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सिटी एसपी Sanket Kumar ने बताया कि रेस्क्यू की गई महिलाओं में पश्चिम बंगाल, दिल्ली और बिहार की निवासी महिलाएं शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में मामला देह व्यापार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि रेस्क्यू की गई सभी महिलाएं बालिग हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस फरार होटल संचालक की तलाश में जुटी है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

















