
रायपुर पुलिस ने पशुओं को अमानवीय और क्रूरतापूर्वक परिवहन करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने टाटा मजदा वाहन से 5 गाय और 5 बछड़ों को बरामद किया।
तिरपाल से ढककर ठूंसकर ले जा रहे थे पशु
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त की रात करीब 9 बजे ग्लोबल स्टार अस्पताल के पास रिंग रोड नंबर-1 पर एक टाटा मजदा वाहन क्रमांक CG10/BN/0537 में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक ले जाने की सूचना मिली।
जांच में पाया गया कि वाहन में पर्याप्त जगह और वेंटिलेशन के बिना 5 गाय और 5 बछड़ों को ठूंसकर रखा गया था। वाहन को तिरपाल से ढका गया था, जिससे पशुओं को पर्याप्त हवा और आवागमन की सुविधा नहीं मिल रही थी।
वैध दस्तावेज भी नहीं मिले
पुलिस ने आरोपियों से पशुओं के परिवहन से संबंधित परिवहन अनुमति और पशु चिकित्सक का प्रमाणपत्र सहित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
मामले में थाना डीडी नगर पुलिस ने धारा 11(1)(घ) पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पशुओं को गौशाला भेजा गया
पुलिस ने 5 गाय और 5 बछड़ों को वाहन समेत जब्त किया। पशुओं की सुरक्षा के लिए उन्हें गौशाला में रखा गया और जिला पशु चिकित्सालय, पंडरी में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने:
- खिलेश यादव (22 वर्ष), निवासी तारबहार, बिलासपुर
- रविन्द्र सिंह (55 वर्ष), निवासी गंगा नगर, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर
को गिरफ्तार किया।दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



















