
तारापीठ पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में सोमवार तड़के एक होटल में भीषण आग लगने से 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग झुलस गए।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 4:30 बजे तारापीठ थाने के पास तालाब किनारे स्थित विदेशिनी होटल में आग लगी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
11-12 लोग अस्पताल में भर्ती
हादसे में घायल लोगों को रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। बीरभूम के एएसपी नीलेश श्रीकांत गाइकर ने बताया कि करीब 11 से 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और राहत-बचाव का काम जारी है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। दमकल विभाग को शुरुआती तौर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। पुलिस और दमकल विभाग घटना की जांच कर रहे हैं।
घटना के बाद तारापीठ और रामपुरहाट पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद रहीं और राहत-बचाव कार्य में जुटी रहीं।
















