
रायपुर पुरुषोत्तम मास और ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार के अवसर पर राजधानी रायपुर के कलेक्टर गार्डन स्थित बापू की कुटिया में भव्य हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शकुंतला फाउंडेशन और सनातन हिंदू वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, बच्चों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
भक्तिमय माहौल में हुआ सामूहिक पाठ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। आयोजन स्थल पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। इस दौरान हनुमान चालीसा के आध्यात्मिक, सामाजिक और नैतिक महत्व पर भी चर्चा की गई।
बच्चों को दिया गया नशामुक्त जीवन का संदेश
आयोजन की खास बात यह रही कि पुरानी बस्ती क्षेत्र के स्लम एरिया से बच्चों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में बच्चों को संस्कार, सकारात्मक सोच और नशामुक्त जीवन अपनाने की प्रेरणा दी गई।
संस्था की सदस्य स्मिता सिंह ने बच्चों को अच्छे संस्कारों और सकारात्मक जीवनशैली का महत्व समझाया। वहीं साधना वेलफेयर फाउंडेशन सोसाइटी के अध्यक्ष एवं सनातन हिंदू वाहिनी रायपुर जिला अध्यक्ष अनादि पांडेय ने बच्चों से प्रतिदिन हनुमान चालीसा पाठ करने और अनुशासित जीवन जीने का आह्वान किया।
अतिथियों ने साझा किए विचार
कार्यक्रम में गौसेवी श्याम प्रकाश साहू द्वारा गाय के गोबर से निर्मित उपलों का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर मोटिवेशनल स्पीकर गगन अवस्थी, हिंदू सनातन वाहिनी के राष्ट्रीय महामंत्री आनंद पाठक और देवाशीष जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने बच्चों के सर्वांगीण विकास में अध्यात्म और भारतीय संस्कारों की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने का उद्देश्य
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही अध्यात्म, नैतिकता और भारतीय संस्कृति से जोड़ना है, ताकि समाज में सकारात्मक और नशामुक्त वातावरण तैयार किया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, बच्चों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया।



















