
कोरबा
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समय-सीमा की बैठक में विकास कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास कार्यों के लिए आवंटित शासकीय राशि का दुरुपयोग या गबन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने एसडीएम को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में सरपंच, सचिव और संबंधित ठेकेदारों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासकीय धन का अन्य प्रयोजनों में उपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्वनिधि योजना में धीमी प्रगति पर नाराजगी
बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए सभी जनपद सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ को बैंक समन्वय के जरिए हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर कोरबा जनपद सीईओ और कटघोरा सीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
स्कूल भवन निर्माण में लापरवाही पर कार्रवाई
कलेक्टर ने निर्माण एजेंसियों को निर्माण पोर्टल में सभी जानकारी दर्ज करने को कहा। साथ ही पीडब्ल्यूडी और अन्य एजेंसियों को नए शिक्षा सत्र से पहले स्कूल भवनों का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
स्वामी आत्मानंद विद्यालय भवन निर्माण में लापरवाही पाए जाने पर पीडब्ल्यूडी के ईई, एसडीओ और उप अभियंता को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
मानसून से पहले खाद-बीज वितरण तेज करने के निर्देश
कलेक्टर ने कृषि एवं सहकारिता विभाग को किसानों के लिए खाद-बीज वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने भंडारण की धीमी स्थिति पर नाराजगी जताई और समय पर वितरण सुनिश्चित करने को कहा।
राशन और पेंशन योजनाओं की समीक्षा
खाद्य विभाग को 30 जून तक खाद्यान्न भंडारण पूरा करने और 1 से 10 जुलाई तक राशन कार्ड धारकों को चावल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं वृद्धा और विधवा पेंशन से वंचित हितग्राहियों की सूची तैयार कर पात्र लोगों को लाभ देने के लिए भी निर्देश जारी किए गए।
पीएम आवास और रोजगार योजनाओं पर जोर
बैठक में पीएम आवास योजना 2.0, पीएम जनमन, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम इंटर्नशिप और कौशल विकास योजनाओं की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को युवाओं को रोजगारमूलक प्रशिक्षण देने और योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ, नगर निगम आयुक्त, डीएफओ, अपर कलेक्टर, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



















