
मुंबई । ‘बाहुबली’ फ्रेंचाइजी को अब फिल्मों से आगे ले जाकर ग्लोबल स्तर पर विस्तार देने की तैयारी है। इसी दिशा में आर्का मीडिया वर्क्स और ड्रीम थिएटर प्राइवेट लिमिटेड ने ‘बाहुबली’ फ्रेंचाइजी और आगामी एनिमेटेड फिल्म ‘बाहुबली: द इटरनल वॉर – पार्ट 1’ और ‘पार्ट 2’ के लिए कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और ब्रांड पार्टनरशिप प्रोग्राम को लेकर साझेदारी की घोषणा की है।
समझौते के तहत ड्रीम थिएटर भारत में ‘बाहुबली’ के लिए एक्सक्लूसिव लाइसेंसिंग और मर्चेंडाइजिंग पार्टनर होगा। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में लाइसेंसिंग, स्पॉन्सरशिप, ब्रांड एसोसिएशन, प्रमोशनल टाई-अप और को-ब्रांडेड पहल के लिए कंपनी रणनीतिक साझेदार के तौर पर काम करेगी।
यह साझेदारी ‘बाहुबली’ की लोकप्रियता को ड्रीम थिएटर के लाइसेंसिंग और कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के अनुभव से जोड़ने की कोशिश है। फ्रेंचाइजी की फिल्मों ने दुनियाभर में 2,400 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है और इसकी मजबूत अंतरराष्ट्रीय फैन फॉलोइंग है।
एनिमेशन में नई दुनिया दिखाएगी ‘द इटरनल वॉर’
‘बाहुबली’ फ्रेंचाइजी अब दो भागों वाली CGI एनिमेटेड फिल्म ‘द इटरनल वॉर’ के जरिए एक नई दिशा में बढ़ रही है। आर्का मीडिया वर्क्स द्वारा निर्मित और ईशान शुक्ला द्वारा निर्देशित यह फिल्म बाहुबली की कहानी को एक नए स्तर पर आगे बढ़ाएगी।
कहानी में बाहुबली की मृत्यु के बाद की यात्रा को दिखाया गया है, जहां वह आफ्टरलाइफ में पहुंचने के बाद 14 अलग-अलग रियल्म्स से जुड़ी एक चुनौती का सामना करता है। फिल्म भारतीय पौराणिक कथाओं से प्रेरणा लेते हुए स्टाइलाइज्ड CGI एनीमेशन के जरिए एक अलग विजुअल वर्ल्ड तैयार कर रही है।
फिल्म को 2026 एनेसी इंटरनेशनल एनिमेशन फिल्म फेस्टिवल के वर्क-इन-प्रोग्रेस प्रोग्राम के लिए भी चुना गया है। इससे प्रोजेक्ट को अंतरराष्ट्रीय एनीमेशन जगत में पहचान बनाने का मौका मिलेगा।
मर्चेंडाइजिंग से गेमिंग तक बनेगा नया इकोसिस्टम
ड्रीम थिएटर ‘बाहुबली’ यूनिवर्स के लिए अपैरल, कलेक्टिबल्स, फिगर्स, बैग्स, स्टेशनरी, पब्लिशिंग और गेमिंग समेत कई क्षेत्रों में नए प्रोडक्ट विकसित करेगा। इसके अलावा एक्सपीरिएंशियल इवेंट्स, ब्रांड पार्टनरशिप, स्पॉन्सरशिप और प्रमोशनल कोलैबोरेशन पर भी काम किया जाएगा।
‘बाहुबली’ के क्रिएटर एस.एस. राजामौली ने साझेदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि फ्रेंचाइजी में शुरुआत से ही फिल्मों से आगे बढ़ने की क्षमता रही है। उनके मुताबिक, ‘द इटरनल वॉर’ इस दुनिया को एक नए तरीके से देखने का अवसर देगी।
आर्का मीडिया वर्क्स के सीईओ शोबू यारलागड्डा ने कहा कि ‘द इटरनल वॉर’ के जरिए ‘बाहुबली’ यूनिवर्स को नई दिशाओं में ले जाने का अवसर मिला है और इस विस्तार में लाइसेंसिंग की अहम भूमिका होगी।
वहीं ड्रीम थिएटर के फाउंडर और सीईओ जिग्गी जॉर्ज ने कहा कि ‘बाहुबली’ की मजबूत पहचान और बड़ी ऑडियंस के साथ एनिमेटेड फिल्मों के आने से प्रोडक्ट्स, ब्रांड पार्टनरशिप और नए एक्सपीरियंस के लिए कई संभावनाएं खुलेंगी।


















