
रायपुर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गोलबाजार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को 1 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 22 जून 2026 की शाम गोलबाजार थाना पुलिस क्षेत्र में पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोतीबाग चौक स्थित यूनियन क्लब के सामने एक महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसे रोककर पूछताछ और तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान महिला के पास मौजूद सफेद थैले से 1.5 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में महिला की पहचान अफसाना बी उर्फ गुड़िया (38 वर्ष) निवासी मोतीबाग चौक, रायपुर के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला पूर्व में भी आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में शामिल रह चुकी है। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस द्वारा उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। साथ ही PIT-NDPS Act के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।
पुलिस अब गांजा के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

















