रामसागरपारा की दुकान में लगी आग, पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा

0
11

रायपुर राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र स्थित रामसागरपारा में सोमवार सुबह एक दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना आजाद चौक पुलिस, डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

5 मिनट में मौके पर पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, दुकान में आग लगने की सूचना मिलते ही आजाद चौक टाइगर मोबाइल और डायल-112 की टीम मात्र 5 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गई। मौके पर पहुंचने पर आग तेजी से फैल रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई और विद्युत विभाग को सूचित कर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, ताकि किसी प्रकार की विद्युत दुर्घटना न हो।

दुकान के ऊपर रहने वाले लोगों को सुरक्षित निकाला

दुकान के ऊपर आवासीय मकान होने के कारण पुलिस और डायल-112 की टीम ने तत्काल वहां रह रहे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही आसपास मौजूद लोगों को भी सुरक्षित दूरी पर रखा गया।

इसके बाद फायर ब्रिगेड, डायल-112, थाना आजाद चौक टाइगर मोबाइल और मोहदापारा टाइगर मोबाइल की संयुक्त टीम ने समन्वित प्रयास करते हुए आग पर काबू पा लिया और उसे आसपास की दुकानों एवं मकानों तक फैलने से रोक दिया।

दुकान का सामान जला, कोई जनहानि नहीं

इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग से दुकान में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के अनुसार, समय रहते की गई त्वरित कार्रवाई और विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय के कारण एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here