
भोपाल। भोपाल के संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने बुधवार को संभागीय कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति, दस्तावेजों के संधारण और राजस्व प्रकरणों के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों से कार्यप्रणाली, फाइल प्रबंधन और ऑनलाइन प्रक्रियाओं की जानकारी ली। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कार्यालय में प्रशासनिक व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने पर जोर देते हुए स्थापना, लेखा और राजस्व अनुभागों में साफ-सफाई तथा फाइलों के व्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी अधिकारी और कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक अटेंडेंस प्रणाली शुरू करने के निर्देश भी दिए, ताकि उपस्थिति और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
साथ ही अपर आयुक्त शिवराज सिंह वर्मा को राजस्व कार्यालय में रिकॉर्ड संधारण की शुद्धता और सुव्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए, जिससे विभागीय कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त शिवराज सिंह वर्मा भी उपस्थित रहे।














