रायपुर में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट का विशेष अभियान, 160 पौवा अवैध शराब जब्त

0
93

रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट ने शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाते हुए अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान एक आरोपी को 160 पौवा अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि 30 पुराने वाहन चोरों का सत्यापन भी किया गया।

पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर गठित 70 सदस्यीय टीमों ने 24-25 जून की दरम्यानी रात शहर के विभिन्न इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। यह अभियान रात 3 बजे से सुबह 7 बजे तक संचालित किया गया, जिसमें संदिग्ध व्यक्तियों और वाहन चोरी के पुराने आरोपियों की जांच की गई।

जांच के दौरान वाहन चोरी के मामलों से जुड़े 30 पुराने आरोपियों को पूछताछ के लिए एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट कार्यालय लाया गया। उनके द्वारा उपयोग किए जा रहे दोपहिया वाहनों का सत्यापन किया गया और सभी को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।

वहीं, गंज थाना क्षेत्र के गंजपारा बांसटाल पानी टंकी के पास अवैध शराब बेचते हुए आकाश बेसरा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 160 पौवा अंग्रेजी शराब और बिक्री की रकम समेत करीब 20 हजार रुपये की सामग्री जब्त की। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, पिछले एक माह में चलाए गए विशेष अभियान के तहत वाहन चोरी के 16 मामलों में 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर 29 वाहन, जिनकी कुल कीमत करीब 18 लाख रुपये है, बरामद किए गए हैं। इसके अलावा शहर के अलग-अलग स्थानों से 19 लावारिस दोपहिया वाहन भी बरामद किए गए, जिनमें से 5 वाहन उनके मालिकों को सौंपे जा चुके हैं

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here