स्वच्छता और सुरक्षा के साथ स्ट्रीट फूड कारोबार को नई दिशा

0
5
Nby

धमतरी में 140 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को दिया गया प्रशिक्षण, एसडीएम पीयूष तिवारी ने बांटे प्रमाण-पत्र

धमतरी। शहर में स्ट्रीट फूड को सुरक्षित और स्वच्छ बनाने की दिशा में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 140 स्ट्रीट फूड वेंडर्स एवं पथ खाद्य विक्रेताओं ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा, साफ-सफाई और स्वच्छता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण पूरा करने वाले वेंडर्स को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धमतरी पीयूष तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण का उद्देश्य स्ट्रीट फूड कारोबारियों को भोजन तैयार करने और बेचने के दौरान जरूरी सावधानियों से परिचित कराना था। वेंडर्स को बताया गया कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के साथ-साथ उसे सुरक्षित तरीके से रखना, तैयार करना और परोसना भी बेहद जरूरी है। इसके लिए व्यक्तिगत स्वच्छता, कार्यस्थल की सफाई, खाद्य पदार्थों के उचित रख-रखाव और भोजन को दूषित होने से बचाने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा और मानक (अनुज्ञापन एवं रजिस्ट्रीकरण) विनियम, 2011 की अनुसूची-4 के तहत निर्धारित स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन मानकों को अपनाने से ग्राहकों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के साथ कारोबार के प्रति उनका भरोसा भी बढ़ाया जा सकता है।

प्रशिक्षण को आसान और व्यवहारिक बनाने के लिए पीपीटी, एनिमेटेड वीडियो और वास्तविक जीवन से जुड़े उदाहरणों का उपयोग किया गया। वेंडर्स को समझाया गया कि रोजमर्रा के काम में छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता में काफी सुधार किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान वेंडर्स को यह भी बताया गया कि खाद्य सुरक्षा का सीधा संबंध उनके व्यवसाय की सफलता से है। स्वच्छ और सुरक्षित भोजन मिलने पर ग्राहकों का विश्वास बढ़ता है, जिसका फायदा कारोबार को लंबे समय तक मिल सकता है। साथ ही, साफ-सफाई और सुरक्षित खाद्य प्रबंधन से दूषित भोजन के कारण होने वाली बीमारियों की रोकथाम में भी मदद मिलेगी।

प्रशिक्षण पूरा करने वाले वेंडर्स को निःशुल्क सेफ्टी किट भी उपलब्ध कराई गई। किट में एप्रन, कैप, ग्लव्स, साबुन, तौलिया, डस्टर और हेडगियर जैसी जरूरी सामग्री शामिल थी। इसके अलावा प्रतिभागियों को FoSTaC प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र, ‘गोल्डन रूल्स’ बुकलेट तथा नेस्ले एवं नासवी का संयुक्त प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया।

विभाग की ओर से जिले के सभी स्ट्रीट फूड वेंडर्स एवं पथ खाद्य विक्रेताओं से अपील की गई है कि वे भोजन की सुरक्षा और स्वच्छता को अपने दैनिक कार्य का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाएं। साथ ही, विभाग द्वारा समय-समय पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल होकर खाद्य सुरक्षा से जुड़ी नई जानकारियां प्राप्त करें।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग का उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्ट्रीट फूड कारोबारियों को आवश्यक जानकारी और संसाधन देकर उनके व्यवसाय को बेहतर बनाना है।

प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी के लिए फनेश्वर पिथौरा – 8770601262, विशाल आनंद – 7004386107 एवं दिलीप कुमार प्रजापति – 9315876962 से संदेश के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here