
मंदिर हसौद पुलिस की कार्रवाई, लूटे गए मोबाइल, चाकू और बाइक बरामद
रायपुर रायपुर ग्रामीण पुलिस ने मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर हुई दो लूट की वारदातों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन, नकदी, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
राहगीरों को चाकू दिखाकर लूटा
पहली घटना 15 जुलाई की शाम ग्राम सेरीखेड़ी स्थित विष्णु नगर मुर्गी फार्म के पास हुई। पीड़ित अमरजीत सिंह अपने साथी के साथ पैदल जा रहे थे, तभी बाइक सवार तीन युवकों ने उनसे मोबाइल मांगा। मना करने पर आरोपियों ने चाकू दिखाकर धमकाया और उनका मोबाइल फोन व 1,200 रुपये लूटकर फरार हो गए।
इसी दिन दूसरी वारदात मंदिर हसौद-नवा रायपुर नहर मार्ग पर हुई। पीड़ित मिथलेश कुमार से तीन बदमाशों ने चाकू के बल पर मोबाइल फोन और 1,700 रुपये नकद लूट लिए।
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से मिले सुराग
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पाया कि दोनों वारदातों को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया था।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, सामान बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम सेरीखेड़ी निवासी राहुल नेताम (21), विशेष मण्डावी (19) और अमर नेताम (19) को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने दोनों लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
आरोपियों के कब्जे से दो लूटे गए मोबाइल फोन, 520 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने तीनों के खिलाफ कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया है।
आगे की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।



















