
1.92 लाख रुपये नकद जब्त, चार आरोपी निकले आदतन जुआरी
रायपुर जिले के आरंग थाना पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम रसनी बोरिद पुल के पास छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.92 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम रसनी बोरिद पुल के पास कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छह आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
चार आरोपी पहले भी जुए के मामलों में शामिल
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि नवल किशोर शर्मा, पुरुषोत्तम जोशी, दौलत राम लोधी और तरुण चन्द्राकर आदतन जुआरी हैं। इनके खिलाफ थाना आरंग में पहले भी जुए से जुड़े मामले दर्ज हैं, लेकिन इसके बावजूद ये दोबारा अवैध गतिविधियों में शामिल पाए गए।
नकदी जब्त, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने मौके से कुल 1,92,000 रुपये नकद जब्त किए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



















