
रायपुर । राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेता को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर कथित तौर पर धमकी देकर 50 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में तेलीबांधा पुलिस ने पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शोएब से मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।
कांग्रेस नेता को आया था धमकी भरा कॉल
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को कुछ दिन पहले एक नंबर से धमकी भरा फोन आया था। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और कथित तौर पर 50 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की।
इसके बाद कुकरेजा ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांजगीर-चांपा से एक युवक गिरफ्तार
मामले की जांच में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU), सेंट्रल जोन ACP और तेलीबांधा थाना पुलिस की टीम जुटी। जांच के दौरान पुलिस ने जांजगीर-चांपा क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में उक्त आरोपी से शोएब ढेबर का नाम सामने आने की बात कही जा रही है। इसके बाद जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने शनिवार देर रात शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया।
धमकी भरे कॉल की पूरी कड़ी खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब शोएब से कथित रंगदारी मांगने और धमकी भरे कॉल से जुड़े पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और कांग्रेस नेता को धमकी देने वाले कॉल की पूरी कड़ी क्या है।
पुलिस गिरफ्तार युवक और शोएब ढेबर के बीच संबंधों की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि धमकी भरे कॉल में दोनों की कथित भूमिका क्या थी।
एजाज ढेबर को भी मिल चुकी है धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले पूर्व महापौर एजाज ढेबर को भी लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर कथित धमकी भरा फोन आने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस उस मामले की भी जांच कर रही है और दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित संबंध की पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल पुलिस शोएब ढेबर से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।


















