बाघ का शिकार: महिला सरपंच गिरफ्तार, नाखून और बाल बरामद

0
73

हाईकोर्ट की सख्ती के बाद तेज हुई कार्रवाई


सूरजपुर । सूरजपुर जिले में बाघ के शिकार से जुड़े मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सरपंच को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला सरपंच के कब्जे से बाघ के दो नाखून और बाल बरामद किए गए हैं। इस मामले में हाईकोर्ट द्वारा स्वतः संज्ञान लिए जाने के बाद वन विभाग हरकत में आया और जांच तेज की गई।

मामला घासीदास–तमोर–पिंगला टाइगर रिजर्व के घुई वन परिक्षेत्र का है, जहां कुछ दिन पहले एक बाघ का शव मिला था। वन विभाग की टीम ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें बाघ की मौत करंट लगने से होने की पुष्टि हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि बाघ के नाखून और दांत गायब थे। बाघ के जबड़े और पीठ पर जलने के निशान भी पाए गए थे। इसके बाद वन विभाग ने बाघ का अंतिम संस्कार कराया।

मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद हाईकोर्ट की चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच ने मामले पर संज्ञान लेते हुए पीसीसीएफ से जवाब तलब किया। इसके बाद वन विभाग ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू की।

जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर वन विभाग की टीम ने सूरजपुर जिले के भैसामुंडा गांव की सरपंच सिस्का कुजूर (37) को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से बाघ के दो नाखून और बाल बरामद किए गए। बाघ की मौत में संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 15 दिनों की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। फिलहाल आरोपी को अंबिकापुर सेंट्रल जेल में रखा गया है।

वन विभाग की टीमें मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई जारी है और पीसीसीएफ से विस्तृत जवाब मांगा गया है।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here