सूरजपुर जिले के ग्राम कोट पटना में मंगलवार सुबह समर्थन मूल्य पर धान बेचने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस झड़प में बड़े भाई और उसके परिवार ने छोटे भाई आनंद राम की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना रामानुजनगर थाना क्षेत्र की है। मृतक की पत्नी बसंती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कोट पटना के बछियाबांध पारा निवासी आनंद राम का अपने बड़े भाई भोला राम के साथ पुश्तैनी जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। दोनों परिवार वर्षों से मिलकर खेती कर रहे थे, लेकिन समर्थन मूल्य पर धान बेचने के मुद्दे ने पुरानी रंजिश को हवा दे दी। आरोप है कि बड़े भाई का परिवार अकेले धान बेच रहा था, जिसका आनंद राम ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो लाठी-डंडों से मारपीट में बदल गई।

घटना में गंभीर रूप से घायल आनंद राम को जिला अस्पताल सूरजपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय विधायक भूलन सिंह मरावी ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर मर्ग कायम कर लिया है, आरोपियों की तलाश जारी है और क्षेत्र में नाकेबंदी कर जांच की जा रही है।





















