बुलेट चुराने वाला नाबालिग पकड़ाया, पहले भी दे चुका है कई वारदातों को अंजाम

0
78

रायपुर | एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना सरस्वती नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बुलेट मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। आरोपी बालक पूर्व में भी आधा दर्जन से अधिक वाहन चोरी की घटनाओं में संलिप्त रह चुका है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी अश्वनी जैन, निवासी शांति विहार कॉलोनी, महोबा बाजार, थाना सरस्वती नगर ने थाना सरस्वती नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 दिसंबर 2025 की रात उन्होंने अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 NM 1889 को घर के सामने खड़ा किया था। सुबह उठने पर वाहन मौके से गायब मिला। अज्ञात चोर द्वारा वाहन चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट पर थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 288/25 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सरस्वती नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, साथ ही मुखबिरों को सक्रिय किया गया। पुराने वाहन चोरों के संबंध में भी जानकारी एकत्र की गई।

जांच के दौरान टीम को घटना में संलिप्त एक नाबालिग के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली, जो पूर्व में भी वाहन चोरी के मामलों में निरुद्ध रह चुका था। संदेही बालक को पकड़कर पूछताछ करने पर उसने बुलेट चोरी की घटना को स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 NM 1889, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये है, बरामद कर जप्त की गई।

पुलिस के अनुसार उक्त नाबालिग पूर्व में थाना मौदहापारा और गुढियारी क्षेत्र से आधा दर्जन से अधिक वाहन चोरी के मामलों में निरुद्ध रह चुका है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here