धमतरी । धमतरी पुलिस ने वर्ष 2025 की वार्षिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और नशा विरोधी अभियानों में मिली अहम उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। पुलिस के अनुसार, जिले में कुल अपराधों में ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में जहां 2370 अपराध दर्ज हुए थे, वहीं 2025 में यह संख्या घटकर 1529 रह गई, यानी 35.50 प्रतिशत की कमी।
भादवि/बीएनएस अपराधों में भी 37.52 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। महिला अपराधों में लगभग 40 प्रतिशत, लूट, चोरी, नकबजनी और शीलभंग जैसे मामलों में भी उल्लेखनीय कमी आई है। संपत्ति संबंधी अपराधों में 41.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 70 प्रतिशत से अधिक संपत्ति की बरामदगी की गई।
नशा विरोधी अभियान के तहत नारकोटिक्स एक्ट में कार्रवाई बढ़ी है, वहीं आर्म्स एक्ट के मामलों में भी सख्ती की गई। “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत गुम बालक-बालिकाओं की सकुशल बरामदगी की गई।
सड़क दुर्घटनाओं में 20 प्रतिशत से अधिक कमी दर्ज हुई है। पुलिस ने 2026 के लिए अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध पर अंकुश, नशा मुक्ति अभियान और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।






















