छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलेगा, बारिश के आसार और गिरेगा तापमान

0
126

रायपुर । जनवरी माह की विदाई नजदीक है, लेकिन छत्तीसगढ़ में ठंड अभी बरकरार है। मौसम विभाग ने प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने के संकेत दिए हैं। आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। दो सक्रिय मौसम तंत्रों के साथ नए पश्चिमी विक्षोभ की एंट्री के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 28 जनवरी को उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसके अलावा तीन दिनों के भीतर न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। हालांकि, बीते कुछ दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

सोमवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में कहीं भी बारिश नहीं हुई।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि 30 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। 27 जनवरी को प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, वहीं 28 और 29 जनवरी को सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट संभव है।

0Shares

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here