रायपुर एयरपोर्ट पर DRI की कार्रवाई, कोकीन के साथ नाइजीरियन नागरिक गिरफ्तार

0
55

रायपुर । रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) की टीम ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाइजीरियन नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 270 ग्राम कोकीन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है। यह मामला माना थाना क्षेत्र का है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी बुधवार सुबह इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली से रायपुर पहुंचा था। एयरपोर्ट पर संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर DRI की टीम ने उसे रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से कोकीन बरामद होने पर मौके पर ही उसे हिरासत में ले लिया गया।

कार्रवाई के बाद आरोपी को DRI कार्यालय ले जाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कोकीन की सप्लाई कहां से की गई थी और इसे किसे सौंपा जाना था। साथ ही, आरोपी के नेटवर्क, संपर्कों और इस ड्रग तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी खंगाली जा रही है।

DRI अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। इस कार्रवाई से रायपुर समेत प्रदेश में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here