
रायपुर सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कबीरधाम जिले के लोखान गांव का दौरा किया। यहां उन्होंने निर्माणाधीन पंचायत भवन का औचक निरीक्षण किया और कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
महिला श्रमिकों से संवाद
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला श्रमिकों से बातचीत की। महिलाओं ने गांव में पेयजल की समस्या से उन्हें अवगत कराया। इस पर जिला कलेक्टर ने जानकारी दी कि पहाड़ी क्षेत्र के 26 गांवों के लिए विशेष पेयजल योजना तैयार की जा रही है, जिसे जल्द शुरू किया जाएगा।
कमराखोल गांव का भी किया दौरा
मुख्यमंत्री ने विशेष पिछड़ी जनजाति बाहुल्य गांव कमराखोल का भी दौरा किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
सड़क मरम्मत को लेकर सख्त निर्देश
इससे पहले बलरामपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बारिश से पहले सभी खराब सड़कों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान सही जानकारी नहीं दे पाने पर लोक निर्माण विभाग के एक अधिकारी को फटकार भी लगाई।
हेल्पलाइन शुरू करने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू करने की घोषणा की, जिसमें टोल फ्री नंबर के माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे।



















