
तेलुगु अभिनेता भरत कांत का सड़क हादसे में निधन, सिनेमैटोग्राफर जी साई त्रिलोक की भी मौत
मुंबई/हैदराबाद– दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। तेलुगु अभिनेता भरत कांत का हैदराबाद में हुए एक भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया। हादसे के दौरान उनके साथ मौजूद सिनेमैटोग्राफर जी साई त्रिलोक की भी मौके पर मौत हो गई। दोनों की असमय मौत से फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा हैदराबाद के आउटर रिंग रोड पर आदिबतला थाना क्षेत्र के अंतर्गत एग्जिट नंबर 12 के पास हुआ। बताया जा रहा है कि भरत कांत की कार की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में 31 वर्षीय भरत कांत और 31 वर्षीय जी साई त्रिलोक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में दुर्घटना का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
भरत कांत आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले के रहने वाले थे। वह अभिनेता होने के साथ-साथ डांसर और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर के रूप में भी लोकप्रिय थे। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी फैन फॉलोइंग थी। इंस्टाग्राम पर उनके 40 हजार से अधिक फॉलोअर्स और यूट्यूब पर 30 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर थे।
उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2021 में फिल्म ‘ग्रामम’ से की थी। इसके बाद 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘टेनेंट’ में भी उनके अभिनय को सराहा गया था।
भरत कांत के अचानक निधन की खबर से उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार स्तब्ध हैं। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना कर रहे हैं।


















