थाना कोतवाली में शुरू हुई ‘ई-मालखाना’ प्रणाली, जप्त सामान के प्रबंधन में बढ़ेगी पारदर्शिता

0
162

रायपुर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के थाना कोतवाली में जप्त माल के सुरक्षित और व्यवस्थित प्रबंधन के लिए “ई-मालखाना” प्रणाली की शुरुआत की गई है। एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने इस नई डिजिटल व्यवस्था का शुभारंभ किया।

यह प्रणाली थाना कोतवाली प्रभारी सतीश सिंह गहरवार और मालखाना मुहर्रिर प्रेमसागर नेताम के संयुक्त प्रयासों से विकसित की गई है। इसका उद्देश्य जप्त सामान के रिकॉर्ड को तकनीकी रूप से सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है।

बारकोड और डिजिटल रिकॉर्ड से होगी निगरानी

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को ई-मालखाना प्रणाली का डेमो दिखाया गया। इसमें जप्त सामान के डिजिटल पंजीयन, बारकोड आधारित पहचान, रैकवाइज रिकॉर्ड और ट्रैकिंग सिस्टम की जानकारी दी गई।

नई व्यवस्था लागू करने से पहले थाना कोतवाली में रखे सभी जप्त माल का भौतिक सत्यापन कराया गया। इसके बाद सामान को A1, A2, B1, B2 जैसी श्रेणियों में व्यवस्थित किया गया, ताकि किसी भी वस्तु की लोकेशन आसानी से पता लगाई जा सके।

जप्त सामान की खोज और रिकॉर्ड हुआ आसान

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब जप्त सामान को जमा करने, निकालने और रिकॉर्ड खोजने की प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान और समयबद्ध हो जाएगी।

प्रत्येक सामग्री पर बारकोड लगाकर उसका सॉफ्टवेयर आधारित डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया गया है। इससे मालखाने में रखे सामान की आवक-जावक और मूवमेंट की निगरानी बेहतर तरीके से हो सकेगी।

‘चेन ऑफ कस्टडी’ होगी मजबूत

ई-मालखाना प्रणाली के जरिए “चेन ऑफ कस्टडी” को मजबूत बनाने में भी मदद मिलेगी। इससे जप्त सामग्री से जुड़ी जानकारी, उसकी लोकेशन और रिकॉर्ड पूरी पारदर्शिता के साथ सुरक्षित रहेंगे।

तकनीक आधारित पुलिसिंग की नई पहल

पुलिस अधिकारियों ने इसे क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम में आधुनिक तकनीक के उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। अधिकारियों के मुताबिक, थाना कोतवाली की यह पहल भविष्य में अन्य थानों के लिए भी मॉडल साबित हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here