रायपुर कमिश्नरेट में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों का सम्मेलन, समाज सेवा में सहयोग का लिया संकल्प

0
16

रायपुर

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग और जनसहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। पुलिस ट्रांजिट मेस में आयोजित इस कार्यक्रम में 125 से अधिक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।

सम्मेलन में उपस्थित सेवानिवृत्त अधिकारियों ने अपने सेवा काल के अनुभव साझा किए और समाज में शांति, सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

अनुभवों का लाभ समाज को मिलेगा

पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने अपने जीवन के कई वर्ष समाज और विभाग की सेवा में समर्पित किए हैं। उनका अनुभव आज भी समाज के लिए बेहद उपयोगी है। उन्होंने यातायात जागरूकता, नशामुक्ति अभियान, सामाजिक सद्भाव और युवाओं के मार्गदर्शन जैसे क्षेत्रों में उनकी सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

110 से अधिक सदस्य यूनियन से जुड़े

कार्यक्रम में बताया गया कि रिटायर्ड वेलफेयर यूनियन के तहत निरीक्षक से लेकर आरक्षक स्तर तक लगभग 110 सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारियों का पंजीयन किया जा चुका है। यूनियन समय-समय पर बैठकें आयोजित कर सामाजिक गतिविधियों में योगदान दे रही है।

पांच सेवानिवृत्त अधिकारियों का सम्मान

सम्मेलन के दौरान इस माह सेवा से सेवानिवृत्त हुए पांच पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके दीर्घकालिक योगदान की सराहना की गई।

अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त डॉ. अर्चना झा, सहायक पुलिस आयुक्त निलेश द्विवेदी, रक्षित निरीक्षक अनीष सारथी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की इस पहल को पुलिस परिवार और समाज के बीच विश्वास, सहयोग और सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here