
रायपुर रायपुर ग्रामीण पुलिस ने नकबजनी और वाहन चोरी की आधा दर्जन वारदातों का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी, चोरी का सामान खरीदने वाले एक व्यक्ति और दो विधि के साथ संघर्षरत बालकों सहित कुल 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने विधानसभा, तिल्दा-नेवरा, धरसींवा और खरोरा थाना क्षेत्रों में 6 वारदातों को अंजाम दिया था।
मुख्य आरोपी निकला हिस्ट्रीशीटर
पुलिस के मुताबिक, गिरोह का मास्टरमाइंड अविनाश गोस्वामी है, जो महासमुंद जिले का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर और महासमुंद में चोरी व नकबजनी के करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। वह पहले भी जेल जा चुका है।
सूने मकानों और दुकान को बनाया निशाना
आरोपियों ने 5 सूने मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य सामान चोरी किया। इसके अलावा खरोरा क्षेत्र से एक बुलेट मोटरसाइकिल भी चोरी की गई थी। धरसींवा में एक किराना व कपड़ा दुकान से नकदी और CCTV DVR भी चुराया गया।
चोरी के जेवर खरीदने वाला भी गिरफ्तार
पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि चोरी के जेवरात लक्ष्मी नरसिम्हा जबादी को बेचे गए थे। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
कार, बाइक और जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की चांदी की पायल, सिक्का, चेन, चोरी के पैसों से खरीदी गई स्विफ्ट डिजायर कार और घटना में इस्तेमाल बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक जब्त की है। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 2.20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



















