
राजनांदगांव सोमनी थाना क्षेत्र में युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना से जुड़े व्हाइसलिंगवुड्स रिसोर्ट को भी सील कर दिया गया है। कार्रवाई सोमनी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अंजाम दी।
पुलिस के मुताबिक, 18 जून 2026 को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेण्ड्री से सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू हुई। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई।
एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर विशेष जांच दल गठित किया गया। जांच टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक परीक्षण और परिजनों के बयान के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों ने युवती को झांसे में लेकर रायपुर जाने के दौरान कथित रूप से जबरन शराब पिलाई। इसके बाद उसकी कमजोर हालत का फायदा उठाते हुए मुख्य आरोपी ने मनगटा स्थित व्हाइसलिंगवुड्स रिसोर्ट में उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान युवती को गंभीर चोटें भी पहुंचीं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 64, 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु, छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख और घनश्याम बेलचंदन शामिल हैं।
पुलिस ने रिसोर्ट को सील करते हुए अन्य रिसोर्ट संचालकों को भी सख्त चेतावनी दी है कि संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखें। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।



















