
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में थाना पंडरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय आरोपी को 4.070 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कांपा मालधक्का क्षेत्र में एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान वासुदेव जगताप के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद एक पिट्ठू बैग से 4.070 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 175/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी वासुदेव जगताप (26 वर्ष), दादरा एवं नगर हवेली का निवासी बताया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



















